कोरबा। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग का है, जहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मकान राजू मोदी का है, जो परिवार सहित किराए के मकान में रहते हैं। बताया जा रहा है कि राजू मोदी अपने परिवार के साथ पारिवारिक कार्य से रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
जब परिवार वापस कोरबा लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और खिड़की टूटी हुई मिली। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर थाना प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की।
चोरों के सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। वहीं आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस ने लोगों से घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















