कोरबा।शासकीय महाविद्यालय दीपका में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रेमचंद पटेल ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया तथा महाविद्यालय की निरंतर प्रगति की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती ममता ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया और महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद दीपका के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के एजीएम डॉ. सुरेश चौधरी, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, भाजपा मंडल दीपका के उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल एवं मनोज दुबे, ग्राम पंचायत सरपंच झाबर रामसिंह कंवर, उपसरपंच प्रतिनिधि निलेश साहू सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया। समारोह के दूसरे चरण में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें नृत्य, गायन और नाटक ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रभारी एस. के. राठौर एवं राजमणि साकेत ने किया। अंत में प्राचार्य एवं महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















