दिव्यांग समिति ने गर्ल्स कॉलेज के पीछे मंगल भवन की मांग

कोरबा।जिला दिव्यांग समिति एवं राष्ट्रीय न्यास कमेटी ने संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए प्रशासन से भवन उपलब्ध कराने की मांग की है। समिति ने मिनीमाता शासकीय गर्ल्स कॉलेज के पीछे स्थित मंगल भवन अथवा वहां उपलब्ध भूमि पर भवन की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी है।

इस संबंध में जिला दिव्यांग आइकॉन लक्ष्मी प्रसाद ने कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर अपनी मांग से अवगत कराया है। साथ ही उन्होंने नगर निगम महापौर को भी इस विषय में जानकारी दी है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिले में विभिन्न समाज एवं संगठनों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप मंगल भवन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि कोरबा जिले में दिव्यांगजनों की संख्या हजारों में है और उन्हें सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक स्तर पर अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संगठन से जुड़े कार्यक्रमों, बैठकों एवं दिव्यांग हित के कार्यों के लिए एक स्थायी मंगल भवन की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि मिनीमाता शासकीय गर्ल्स कॉलेज के पीछे भूमि रिक्त है, जहां दिव्यांग समिति के लिए भवन की व्यवस्था की जा सकती है।

संगठन की ओर से यह भी सवाल उठाया गया है कि जब अन्य संगठनों के लिए उदारता दिखाई जा सकती है तो दिव्यांग समिति के साथ समान व्यवहार क्यों नहीं किया जाना चाहिए।