शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु, आरएसएस नगर में निकली भव्य शिव बारात

कोरबा।आरएसएस नगर स्थित कपिलेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के मंगल विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं मनोहारी वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

इस पावन अवसर पर भव्य शिव बारात निकाली गई। शिव बारात में भगवान शिव के गण, भूत-पिशाच, देवगण सहित अनेक पात्र आकर्षक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए।

ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय संगीत के साथ निकली बारात ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया। बारात के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से मातृशक्ति में भारी उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का आनंद लिया और धार्मिक आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ किया।

उल्लेखनीय है कि इस धार्मिक आयोजन का सफल संचालन आरएसएस नगर स्थित कपिलेश्वर महिला मंडल द्वारा किया जा रहा है।

आयोजन समिति की प्रमुख श्रीमती सुधा झा ने बताया कि आगामी दिनों में शिव महापुराण कथा के अन्य प्रसंगों के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न किए जाएंगे, जिनमें क्षेत्रवासियों की सहभागिता अपेक्षित है।