नशामुक्ति व साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

कोरबा।‘सजग कोरबा’ अभियान के तहत जिले में नशामुक्ति, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं यातायात नियमों को लेकर लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमाखोखरा रामपुर में पुलिस द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अवैध शराब के दुष्परिणामों, साइबर ठगी से बचाव के उपाय तथा यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में कहीं भी अवैध शराब का विक्रय या सेवन होने की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर गांव की महिलाओं ने नशामुक्ति जागरूकता रैली निकालकर शराब के खिलाफ सशक्त संदेश दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि अवैध शराब के कारण युवा वर्ग नशे की ओर बढ़ रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

निरीक्षक धर्म नारायण तिवारी के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक राम पांडे एवं उनकी टीम द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। साइबर अपराधों के संबंध में लोगों को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि ‘सजग कोरबा’ अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर सुरक्षित, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त वातावरण बनाने के लिए जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।