कोरबा।जिले में इसी माह शुरू होने वाली हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। खास तौर पर उन विद्यालयों में परिणाम सुधारने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पिछले वर्ष 40 से 50 प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किए गए थे।
जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग की अध्यक्षता एवं जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय की उपस्थिति में जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग द्वारा प्री-बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-बोर्ड परीक्षा के परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सीईओ ने 50 प्रतिशत से कम परिणाम वाले स्कूलों के प्राचार्यों एवं 40 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले विषय व्याख्याताओं को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा 15 फरवरी तक सघन अध्ययन और विशेष मार्गदर्शन के माध्यम से परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार किया जाए।
सीईओ ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बोर्ड परीक्षा को देखते हुए छात्रों को ब्लूप्रिंट के आधार पर तैयारी कराई जाए, अधिक अंक प्राप्त करने की रणनीति समझाई जाए तथा वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के अभ्यास पर विशेष जोर दिया जाए।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करने के लिए प्रेरित करने और शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर अध्यापन कार्य को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में जिले के 4 हाई स्कूल एवं 18 हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा लगभग 60 विषय व्याख्याता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
