कोरबा।चोरी के कबाड़ की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कबाड़ कारोबारी मुकेश उर्फ बरबट्टी ने आखिरकार अदालत में सरेंडर कर दिया है। पुलिस की लगातार दबिश और कानूनी दबाव बढ़ने के बाद आरोपी ने स्वयं कोर्ट में पेश होकर आत्मसमर्पण किया।
बताया जा रहा है कि यह मामला चोरी के माल की संगठित खरीद-बिक्री से जुड़ा है, जिसमें मुकेश उर्फ बरबट्टी की भूमिका अहम मानी जा रही थी। पुलिस इस प्रकरण में पहले ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी थी। सरेंडर के बाद अब आरोपी से पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
गौरतलब है कि पिछले महीने सीएसईबी के रशियन हॉस्टल के पास स्थित जल संसाधन विभाग के लोहे के पुल को कबाड़ गिरोह ने काटकर चोरी कर लिया था। इस वारदात को करीब 15 लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन चरणों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुकेश साहू फरार चल रहा था।
पुलिस के बढ़ते दबाव और लगातार की जा रही रेड कार्रवाई के चलते आरोपी ने लुकाछिपी का खेल खत्म करते हुए सरेंडर करना उचित समझा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस खुलासे के बाद कबाड़ के अवैध नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है।
वहीं, अब सवाल यह भी उठ रहा है कि फरार आरोपी पर घोषित 5 हजार रुपये के इनाम का क्या होगा, क्योंकि सरेंडर की स्थिति में इनाम की राशि को लेकर कानूनी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
