भुगतान नहीं मिलने से ठेकेदार परेशान, अटल प्रतिमा के सामने अनशन की चेतावनी

कोरबा।अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर छुरी नगर पंचायत में निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण हुए एक माह बीत जाने के बावजूद निर्माण एजेंसी को अब तक भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान न मिलने से आहत ठेकेदार अनिल अग्रवाल ने 10 फरवरी को अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के सामने आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।

मामला कोरबा जिले के नगर पंचायत छुरी कला का है।

ठेकेदार अनिल अग्रवाल का आरोप है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत सीएमओ दीपांकर यादव द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई। भुगतान के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाए गए, लेकिन हर बार आश्वासन या तारीख देकर मामला टाल दिया गया।

अग्रवाल ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों से सामग्री उधार लेकर कार्य कराया तथा मजदूरों को समय पर भुगतान किया। भुगतान अटकने के कारण बाजार में भारी उधारी हो गई है, जिससे आर्थिक स्थिति गंभीर होती जा रही है और जीवनयापन भी कठिन हो गया है।

भुगतान नहीं मिलने से परेशान ठेकेदार ने मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि 9 फरवरी 2026 तक भुगतान नहीं किया गया, तो वे 10 फरवरी को अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के सामने आमरण अनशन शुरू करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।