पंचायत से पहले भाजपा नेता ने शुरू कराया निर्माण, सरपंच ने प्रशासन को दी चेतावनी

कोरबा।विकासखंड कोरबा के ग्राम तिलकेजा में एक सरकारी निर्माण कार्य को लेकर पंचायत और भाजपा नेता के बीच विवाद गहरा गया है। सरपंच का आरोप है कि जिस निर्माण कार्य को नियमों के तहत ग्राम पंचायत द्वारा कराया जाना है, उसे पंचायत की जानकारी और अनुमति के बिना भाजपा मंडल अध्यक्ष ने अवैध रूप से शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार तिलकेजा गांव सांसद आदर्श ग्राम के रूप में चयनित है। गांव के पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल में चार कमरों वाले प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण किया जाना है, जिसकी स्वीकृति समग्र शिक्षा मद से दी गई है। इस निर्माण कार्य की अधिकृत कार्य एजेंसी ग्राम पंचायत है।

सरपंच तेरस बाई कंवर ने आरोप लगाया कि पंचायत द्वारा कार्य प्रारंभ करने से पहले ही भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष किशन प्रसाद द्वारा मनमाने ढंग से स्कूल के पुराने भवन को तोड़कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। उन्होंने कहा कि न तो ग्राम पंचायत को इसकी सूचना दी गई और न ही विद्यालय संस्था अथवा उसकी किसी समिति को कार्य एजेंसी बनाया गया है।

सरपंच ने बताया कि इस मामले को लेकर 5 जनवरी को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई गई थी तथा एसडीएम को भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की उदासीनता से स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

सरपंच ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार निर्माण कार्य ग्राम पंचायत द्वारा ही कराया जाएगा। यदि जबरन कार्य जारी रखा गया और किसी प्रकार की विपरीत स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।