कायाकल्प आयुष कार्यक्रम 2024 में जिले की शानदार सफलता, रामपुर प्रथम और सरगबुंदिया द्वितीय स्थान पर

कोरबा। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित कायाकल्प आयुष कार्यक्रम में वर्ष 2024 के लिए कोरबा जिले ने छत्तीसगढ़ राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान अर्जित किया है। स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, भवन एवं परिसर रखरखाव, सौंदर्यीकरण तथा सेवा गुणवत्ता के मानकों पर आधारित मूल्यांकन में जिले के दो आयुष केंद्रों ने प्रदेश में बाजी मारी।

आयुष सेंटर एवं स्पेशियलिटी क्लिनिक श्रेणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह आयुष (होम्योपैथी) केंद्र रामपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह आयुष (होम्योपैथी) केंद्र सरगबुंदिया को द्वितीय स्थान मिला। प्रथम स्थान के लिए रामपुर केंद्र को 75,000 रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, तथा द्वितीय स्थान के लिए सरगबुंदिया केंद्र को 50,000 रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,स्वास्थ्य सचिव (चिकित्सा शिक्षा-आयुष)अमित कटारिया (भा.प्र.से.), आयुष संचालक सुश्री संतन देवी जांगड़े (भा.प्र.से.) और संयुक्त संचालक डॉ. सुनील कुमार दास की उपस्थिति में प्रदान किया गया। कोरबा जिले की ओर से जिला आयुष अधिकारी डॉ. उदय शर्मा ने यह सम्मान ग्रहण किया।

डॉ. उदय शर्मा ने बताया कि आयुष विभाग जनसामान्य, आदिवासी, श्रमिक, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आयुष स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ. शर्मा ने केंद्र रामपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्यामाचरण साहू और सरगबुंदिया के डॉ. अमित कुमार जाटवर को विशेष बधाई देते हुए कहा कि दोनों केंद्रों ने स्वच्छता, मरीज हितैषी वातावरण और सेवा गुणवत्ता में शानदार योगदान दिया है।

जिले में आयुष विभाग की अन्य प्रमुख उपलब्धियां भी उल्लेखनीय हैं:

आयुष पॉलीक्लीनिक डिंगापुर में आधुनिक ओटी एवं आईपीडी के माध्यम से 31 मरीजों का सफल उपचार।

आयुर्विद्या राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत 103 स्कूलों में 7,483 बच्चों को जागरूकता प्रदान।

व्योमित्र कार्यक्रम में 76,889 वृद्धजनों को उपचार।

ऑस्टियो आर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर कार्यक्रम में 9,335 मरीजों को पंचकर्म लाभ।

गुरुवार शिविरों में 46,309 वृद्ध मरीजों का उपचार।
विभिन्न स्वास्थ्य मेलों, योग शिविरों और योग चिकित्सा से हजारों नागरिक लाभान्वित।

शासकीय आयुर्वेद औषधालय बरपाली का एनएबीएच प्रमाणन प्राप्त।

11 आयुष औषधालयों का उन्नयन और प्रमाणीकरण की तैयारी।

छह आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सौर ऊर्जा पैनल स्थापना से सतत स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा।

यह उपलब्धि कोरबा जिले में आयुष टीम के सामूहिक प्रयास और समर्पण का जीता-जागता प्रमाण है। स्थानीय लोग और स्वास्थ्यकर्मी इस गौरवपूर्ण क्षण पर जश्न मना रहे हैं।