जगन्नाथ मंदिर की 1.75 एकड़ दान भूमि को हड़पने की कोशिश, ग्रामीणों में आक्रोश

कोरबा। जमीन दलालों की बेशर्मी इस कदर बढ़ गई है कि अब वे अपने कृत्यों के दुष्परिणामों की परवाह किए बिना भगवान जगन्नाथ की दान की गई भूमि पर भी कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। कोरबा जिले की एक प्राचीन धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ी इस भूमि को हड़पने की साजिश सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

मंदिर के पुजारी ने शासन-प्रशासन से दान भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।

आम मुख्तियारनामा के सहारे कब्जे की कोशिश
मामले का खुलासा तब हुआ जब लगभग एक माह पूर्व कुछ लोग आम मुख्तियारनामा के आधार पर उक्त भूमि को अपनी बताते हुए कब्जा करने पहुंचे। ग्रामीणों को जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यह भूमि भगवान जगन्नाथ मंदिर की है, जिस पर वर्षों से मंदिर के पुजारी काश्तकारी करते आ रहे हैं।

सूचना पर राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पटवारी द्वारा रिकॉर्ड खंगाले जाने पर यह तथ्य सामने आया कि भूमि वर्षों से पुजारी रामेश्वर प्रसाद द्विवेदी के कब्जे में है और वे ही इस पर कृषि कार्य कर रहे हैं।

सर्वे के दौरान रिकॉर्ड में हेरफेर की आशंका
ग्रामीणों और जानकारों का कहना है कि मसाहती ग्राम दादर खुर्द के सर्वे एवं सर्वे उपरांत नक्शों में बड़े पैमाने पर रकबा-खसरा में छेड़छाड़ हुई है। इसी गड़बड़ी के कारण कई सरकारी जमीनें निजी और निजी जमीनें सरकारी दर्शा दी गईं। दादर खुर्द का सर्वे उपरांत नक्शा पहले से ही विवादों में रहा है।

1928-29 की मिसल बंदोबस्त में दर्ज है दान भूमि
जानकारी के अनुसार वर्ष 1928-29 की मिसल बंदोबस्त में यह भूमि ग्राम दादर खुर्द निवासी मुनीराम पिता घासीराम रावत के नाम दर्ज है। लगभग 100 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी भूमि में से 1.75 एकड़ (पुराना मसाहती खसरा नंबर 180, हर्रा टिकरा) भगवान जगन्नाथ मंदिर में भोग-भंडारा हेतु दान स्वरूप प्रदान की थी। बाद में सन् 1980 में दान पत्र के माध्यम से भी इसकी पुष्टि की गई।

इसी भूमि के अनाज से लगता है भगवान को भोग
वर्तमान में इस दान भूमि पर मंदिर के मुख्य पुजारी रामेश्वर प्रसाद द्विवेदी खेती कर रहे हैं। इसी भूमि की उपज से स्वामी जगन्नाथ को भोग लगाया जाता है और पुजारी परिवार का जीवनयापन होता है। 200 वर्ष पुरानी इस धार्मिक परंपरा को तोड़ने का प्रयास किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष है।

राजस्व रिकॉर्ड में कूट रचना का आरोप
आरोप है कि भू-माफियाओं ने राजस्व रिकॉर्ड में कूट रचना कर अन्य भूमि के खसरा नंबर को इस दान भूमि से जोड़ दिया और सीमांकन के नाम पर जबरन कब्जे की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह भूमि खसरा नंबर 180 (हर्रा टिकरा) के नाम से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है।

मंदिर पुजारी और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दान भूमि के सभी पुराने रिकॉर्ड, नक्शे और चौहद्दी की जांच कर भू-माफियाओं के प्रयासों को विफल किया जाए और भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि को सुरक्षित किया जाए।