कटघोरा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छाग्रही पूरी लगन और मेहनत के साथ गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में जुटी हुई हैं। यह बात स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने 6 फरवरी को कटघोरा विकासखंड के ग्राम डिंडोलभांठा के आश्रित ग्राम छिरहुंट में कही। वे यहां कचरा संग्रहण कार्य में संलग्न महिला स्व सहायता समूह की स्वच्छाग्रही दीदियों से मुलाकात कर चर्चा कर रही थीं।




श्रीमती मोनिका सिंह ने कहा कि आज महिलाएं महानगरों की तर्ज पर गांव-गांव में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण कर रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता का बेहतर वातावरण निर्मित हो रहा है। उन्होंने स्वच्छाग्रही दीदियों के कार्य की सराहना करते हुए इसे ग्राम स्वच्छता की रीढ़ बताया।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के राज्य सलाहकार डॉ. रुपेश राठौर ने सामुदायिक शौचालय, व्यक्तिगत शौचालय, वर्मी कम्पोस्ट पिट, नाडेप पिट एवं सोख्ता गड्ढों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण स्वयं अपने घरों में शौचालय बनाकर पूरे परिवार के साथ उसका नियमित उपयोग कर रहे हैं, जो स्वच्छता अभियान की बड़ी सफलता है।
निरीक्षण में ग्राम मोहनपुर, ढेलवाडीह, अरदा एवं छिरहुंट सहित अन्य गांवों में कचरा छटाई शेड, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट तथा निर्माणाधीन फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का भी जायजा लिया गया। साथ ही पेयजल स्रोतों के पास बहने वाले गंदे पानी के उचित निपटान हेतु बनाए गए सोख्ता गड्ढों का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर जनपद सीईओ कटघोरा यशपाल सिंह, जिला समन्वयक एसबीएम (ग्रामीण) विमल धिरहि, जिला सलाहकार दीप सरकार, विकासखंड समन्वयक एसबीएम, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच-उपसरपंच, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, स्वच्छाग्रही दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















