उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने छात्राओं को बांटी साइकिल, बोले खूब पढ़ो, खूब बढ़ो

कोरबा। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय की 68 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।

मंत्री श्री देवांगन ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि “खूब पढ़ो, खूब बढ़ो। बेटियां हैं तो कल है।” उन्होंने छात्राओं से लगन और मेहनत से पढ़ाई कर अपने विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर विकास किया जा रहा है।

प्रदेश में जर्जर शासकीय स्कूलों के नए भवन बनाए जा रहे हैं, विद्यार्थियों को निःशुल्क नाश्ता दिया जा रहा है तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष कोचिंग हेतु रायपुर भेजने की व्यवस्था की गई है।

मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरस्वती साइकिल योजना चलाई जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष  राजेश राठौर, पार्षद श्रीमती सिमरन कौर, मुकुंद कंवर, लक्ष्मण श्रीवास, शाला प्रतिनिधि यासीन खान, मिलाप बरेठ, श्रीमती ज्योति वर्मा, श्रीधर द्विवेदी, श्रीमती अर्चना रूनीझा, श्रीमती मंदाकिनी त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. अलका फिलिप्स सहित अभिभावकगण, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।