कोरबा ने रचा इतिहास: 20 मिनट में 15,563 हस्ताक्षर, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

कोरबा ।कोरबा नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। महज 20 मिनट के भीतर 15,563 नागरिकों द्वारा स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर कर पूर्व कीर्तिमान को ध्वस्त करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया गया।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व उपलब्धि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के सतत प्रयासों, उनके नेतृत्व में नगर निगम कोरबा की पूरी टीम की अथक मेहनत तथा कोरबा के जागरूक नागरिकों के स्वस्फूर्त सहयोग का प्रतिफल है।

उन्होंने कहा कि आयुक्त आशुतोष पांडेय सदैव कुछ नया और रचनात्मक करने के लिए प्रयासरत रहते हैं, जिनकी अगुआई में कोरबा ने यह गौरवपूर्ण मुकाम हासिल किया है। इस सफलता पर उन्होंने नगर निगम कोरबा की पूरी टीम को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।

महापौर ने कहा कि निगम की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि कोरबा नगर निगम पहले स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में टॉप-10 में शामिल होकर आठवां स्थान प्राप्त कर चुका है और अब हजारों नागरिकों की सहभागिता के साथ स्वच्छता शपथ अभियान में विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि सागर नामक एक युवक ने कोरबा को एक नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह विचार सबसे पहले उनके साथ साझा किया था। पूर्व रिकॉर्ड की जानकारी मिलने के बाद इस सुझाव पर सहमति बनाकर पूरी योजना के साथ कार्य शुरू किया गया।

उन्होंने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम की पूरी टीम और नागरिकों की सहभागिता से यह मिशन सफल हुआ और कोरबा का नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गया। यह जीत पूरे कोरबा के नागरिकों की है।

निगम आयुक्त ने इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की पूरी टीम, पार्षदगण, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के औद्योगिक उपक्रमों, आम नागरिकों, प्रेस/मीडिया,एनएसएस-एनसीसी, शिक्षा विभाग,विद्यालय-महाविद्यालयों के छात्र, स्काउट- गाइड, स्वयंसेवक, व्यापारी बंधुओं सहित प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाली सभी इकाइयों का आभार व्यक्त किया।