कोरबा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा है कि छत्तीसगढ़ का किसान भाजपा नेतृत्व वाली सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दो लाख से अधिक किसान धान नहीं बेच सके हैं और महज दो दिन की समय-सीमा बढ़ा देने से किसानों की समस्या का समाधान नहीं होने वाला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी सरकार को यह समझ नहीं आ रहा है कि वे करें तो करें क्या।
कोरबा में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. महंत ने कहा कि किसानों की जमीन छीनकर उद्योगपतियों को दी जा रही है और जब किसान इसका विरोध करते हैं तो उनके साथ मारपीट की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान बदहाल हैं और भाजपा नेता मदमस्त होकर जश्न मना रहे हैं।
बजट पर मिठाइयां बांटी जा रही हैं, लेकिन यह नहीं बताया जा रहा कि छत्तीसगढ़ को बजट में आखिर मिला क्या है। उन्होंने कहा कि पहले 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया और अब 18 प्रतिशत टैरिफ पर स्वागत-सत्कार किया जा रहा है, इसके मायने जनता को समझाए जाने चाहिए।
डॉ. महंत ने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ बनने से पहले और बाद में कभी ऐसा नहीं हुआ कि कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालयों को आग के हवाले किया गया हो। आज हालात यह हैं कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पीटे जा रहे हैं तथा आधा दर्जन से अधिक जिलों में आपसी सौहार्द बिगड़ा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर प्रदेश में जमकर खेल किया जा रहा है और चुन-चुन कर नाम काटे जा रहे हैं। रायपुर से भाजपा संगठन द्वारा अपने लोगों के नाम विलोपित कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
पत्रकार वार्ता में रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, सांसद प्रतिनिधि हरीश परसाई, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर उपस्थित रहे।
मनरेगा कानून को कमजोर कर रही सरकार
डॉ. महंत ने कहा कि मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस पूरे प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में विरोध कर रही है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर नहीं चल सकी, वह आम जनता का भला कैसे करेगी। मोदी सरकार की मंशा मनरेगा कानून को कमजोर करने की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और प्रदेश की दो करोड़ जनता पूछ रही है कि सरकार आखिर चला कौन रहा है। आगामी विधानसभा सत्र में किसान, कानून व्यवस्था, रोजगार और भर्ती जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
भाजपा कार्यालय पर कसा तंज
डॉ. महंत ने कोरबा में प्रस्तावित भाजपा के नए कार्यालय पर भी तंज कसते हुए कहा कि 15 साल की भाजपा सरकार में यह कार्यालय नहीं बन सका, लेकिन अब महज दो साल में विकास की गति इतनी तेज हो गई है कि 10 करोड़ रुपये का अत्याधुनिक कार्यालय तैयार किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
