पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त के लिए ई-केवाईसी और फार्मर आईडी अनिवार्य

उप संचालक कृषि ने किसानों से समय पर औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की

कोरबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 22वीं किस्त का लाभ प्राप्त करने के लिए जिले के किसानों को अब ई-केवाईसी, आधार सीडिंग तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर फार्मर आईडी निर्माण अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना होगा। शासन द्वारा शीघ्र ही अगली किस्त जारी किए जाने की संभावना है, लेकिन तकनीकी औपचारिकताएं अधूरी रहने पर पात्र किसान भी लाभ से वंचित रह सकते हैं।

इसको ध्यान में रखते हुए उप संचालक कृषि, जिला कोरबा ने जिले के समस्त कृषक परिवारों से अपील की है कि वे समय रहते आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर लें।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि चार-चार माह के अंतराल में 2,000 रुपये की तीन किस्तों के रूप में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाती है।

जिले में अब तक 89,178 किसानों का ई-केवाईसी, 87,036 किसानों का आधार सीडिंग तथा 85,867 किसानों का भूमि विवरण मैपिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी किसान का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है या बैंक विवरण में त्रुटि है, तो किस्त अटक सकती है।

अब एग्रीस्टेक पोर्टल के अंतर्गत 11 अंकों की फार्मर आईडी बनवाना भी अनिवार्य कर दिया गया है। किसान यह आईडी स्वयं ऑनलाइन बना सकते हैं अथवा कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव में लगाए जा रहे शिविरों की सहायता ले सकते हैं।

ई-केवाईसी की प्रक्रिया को भी सरल किया गया है, जिसे पीएम किसान पोर्टल पर ओटीपी के माध्यम से, सीएससी केंद्रों पर बायोमेट्रिक से अथवा मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा पूरा किया जा सकता है।

योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुछ श्रेणियों को अपात्र रखा गया है। इनमें संवैधानिक पदों के वर्तमान व पूर्व धारक, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, सरकारी कार्यालयों के नियमित कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर), 10,000 रुपये से अधिक मासिक पेंशन प्राप्त करने वाले सेवानिवृत्त कर्मी, आयकरदाता तथा पेशेवर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और चार्टर्ड अकाउंटेंट शामिल हैं।

कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से आग्रह किया है कि वे अपनी आधार सीडिंग, मैपिंग और फार्मर आईडी की स्थिति शीघ्र जांच लें, ताकि पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त बिना किसी रुकावट के उनके खाते में पहुंच सके।