पीएचसी भिलाई बाजार में 36 घंटे में चार सफल प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

कोरबा।जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कटघोरा विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार में महज 36 घंटे के भीतर चार गर्भवती महिलाओं का सफल एवं सामान्य प्रसव कराया गया।

इनमें श्रीमती शांति पति संदीप, ग्राम अंडी कछार, श्रीमती प्रीति पति अमर, ग्राम रलिया, श्रीमती कोमल पति मुनीश, ग्राम रिस्दी तथा श्रीमती सकीना पति संजय, ग्राम उमेदीभाठा शामिल हैं। इनमें से श्रीमती प्रीति प्रथम प्रसवा थीं। प्रसव के बाद सभी जच्चा एवं नवजात पूर्णतः स्वस्थ बताए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार में 24 घंटे प्रसव सुविधा उपलब्ध है तथा यहां प्रतिमाह औसतन 15 से 20 सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच इस केन्द्र में कुल 194 सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि नियमित प्रसवपूर्व जांच, बेहतर देखभाल एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के चलते सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर आमजन का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिससे संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन मिल रहा है।