नगर में पर्व से पूर्व मनाया गया महाशिवरात्रि उत्सव, आध्यात्मिक ऊर्जा का हुआ संचार

कोरबा।पर्व से पूर्व नगर में महाशिवरात्रि उत्सव श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, बी.के. रुक्मणि दीदी, बीके बिंदु दीदी विशेष रूप से मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान बी.के. रचना ने महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्म-जागृति और आत्म- परिवर्तन का संदेश है। उन्होंने कहा कि परमपिता शिव इस धरती पर अवतरित होकर पतित संसार को पावन बनाते हैं और राजयोग के माध्यम से जीवन को श्रेष्ठ बनाने की शिक्षा देते हैं।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में मनुष्य बाहरी सुखों की खोज में आंतरिक शांति खो बैठा है। ऐसे समय में ब्रह्माकुमारी संस्थान के आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज को सही दिशा प्रदान कर रहे हैं।

बी.के. रुक्मणि दीदी ने कहा कि तनावपूर्ण जीवन में शिव-स्मृति ही मानसिक शांति और संतुलन का आधार है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शिव की आराधना की।

उत्सव का विशेष आकर्षण 12 ज्योतिर्लिंगों की भव्य एवं आकर्षक झांकी रही, जिसे श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु 15 फरवरी तक सजाया गया है।