कोरबा।नगर निगम कोरबा के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ढोढ़ीपारा क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त करते हुए सख्त कार्रवाई की। शिकायत मिलने के बाद निगम के तोड़ू दस्ते ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया।
निगम उपायुक्त नीरज कौशिक के निर्देशन में अतिक्रमण निरोधक उड़नदस्ता टीम ने यह कार्रवाई सीएसईबी-दर्री मुख्य मार्ग स्थित ढोढ़ीपारा बस्ती में की। बताया गया कि उप-स्वास्थ्य केंद्र के बगल स्थित एक मकान के सामने बीम व कॉलम खड़े कर तथा छज्जे का निर्माण कर सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण किया गया था, जिसे निगम टीम द्वारा तोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वाली महिला ने निगम टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता करते हुए हुड़दंग मचाया और कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। मौके पर तैनात महिला सुरक्षा बलों ने सख्ती दिखाते हुए महिला को हिरासत में लिया, जिससे स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी भी प्रकार का व्यवधान या विरोध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ढोढ़ीपारा में की गई इस कार्रवाई के माध्यम से निगम ने पूरे शहर में संदेश दिया है कि अवैध निर्माण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
