फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी
कोरबा।मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बड़ी संख्या में नाम विलोपित किए जाने को लेकर मुस्लिम समाज में चिंता गहराती जा रही है। इस मामले में फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग के माध्यम से मतदाताओं के नाम कटवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुस्लिम समाज द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
इसके तहत सुन्नी मुस्लिम जमात द्वारा शहर के पांच अलग-अलग स्थानों पर सहायता कैम्प लगाए जा रहे हैं, जहां विलोपन सूची में शामिल मतदाताओं की शंकाओं का समाधान किया जा रहा है।
सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष हाजी अखलाख खान ने बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर सर्वे के बाद मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात एक सुनियोजित साजिश के तहत अधिकांश मुस्लिम एवं ईसाई मतदाताओं के नाम हटाने के लिए हजारों की संख्या में फॉर्म-7 भरकर निर्वाचन कार्यालय में जमा किए गए।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम विलोपन सूची में दर्ज पाए गए, उनकी परेशानी को देखते हुए 5 फरवरी से कैम्प लगाने की शुरुआत की गई है। कैम्प में आने वाले मतदाताओं के नाम, पता व अन्य विवरण दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही उनकी ओर से उन व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने हेतु आवेदन भी तैयार करवाया जा रहा है, जिन्होंने कथित रूप से फर्जी तरीके से फॉर्म-7 भरकर नाम विलोपित कराने का प्रयास किया।
हाजी अखलाख खान ने कहा कि ये कैम्प तीन दिनों तक संचालित किए जाएंगे। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए रची गई कथित साजिश को रोकना आवश्यक हो गया है, इसलिए ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
बताया गया कि कैम्प पुरानी बस्ती कोरबा स्थित मुस्लिम जमात खाना, मुड़ापार स्थित गौसे आजम मस्जिद परिसर, गेरवाघाट (टीपी नगर) स्थित मस्जिद आला हजरत, बुधवारी आरा मशीन पारा स्थित शाही नूरी मस्जिद परिसर तथा घंटाघर चौक स्थित निशा कॉम्प्लेक्स में लगाए जाएंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
