कोरबा। रविशंकर स्थित बस स्टॉप के पास संचालित मून बिरयानी सेंटर में रविवार देर रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया, लेकिन स्थानीय निवासियों की त्वरित सूझबूझ और साहसिक कार्रवाई से एक बड़े हादसे को समय रहते टाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि स्थानीय निवासी रवि, आजो जॉन्स, मनोज थॉमस सहित कई अन्य लोग आग बुझाने में जुटे हुए थे। इसी दौरान दुकान संचालक नीरा सिंह को सूचना दी गई, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग और पुलिस को सूचित किया गया। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि दुकान के अंदर रखे तीन भरे हुए गैस सिलेंडरों को लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे आसपास की कॉलोनी में संभावित विस्फोट का खतरा टल गया।
पार्षद अब्दुल रहमान के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान के ठीक बगल में स्थित ट्रांसफार्मर के कारण खतरा और बढ़ सकता था, लेकिन स्थानीय लोगों ने समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका समाप्त हो गई।
मानिकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आगजनी की इस घटना में दुकान का फ्रिज सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया, जिससे दुकान मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।
यह घटना स्थानीय नागरिकों की सजगता, एकजुटता और साहस का उदाहरण बनकर सामने आई है, जिसने एक संभावित बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















