स्वर्ण बिन्दु प्राशन से बदला पांच वर्षीय गिरीश का स्वभाव, संकोच छोड़ बना फ्रेंक, पढ़ाई में भी लगा मन

कोरबा। “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वाधान में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से “बच्चे रहे स्वस्थ” योजना अंतर्गत आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दिनांक 01 फरवरी 2026, रविवार को अति शुभ रवि पुष्य नक्षत्र में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार कराया गया, जिसमें अंचल के सैकड़ों बच्चों ने लाभ लिया और सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में पांच वर्षीय बालक गिरीश चंद्र सोनी के व्यवहार और मानसिक विकास में आए उल्लेखनीय परिवर्तन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

गिरीश की माता सीएसईबी निवासी बबीता सोनी ने बताया कि उनका बेटा अत्यंत संकोची और शांत स्वभाव का था, कम बोलता था और पढ़ाई में भी मन नहीं लगता था।

नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा की सलाह पर रवि पुष्य नक्षत्र में स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार कराया गया, जिसके बाद गिरीश का संकोच दूर हो गया। अब वह खुलकर बात करने लगा है और पहले की तुलना में कहीं अधिक सक्रिय और फ्रेंक हो गया है।

गिरीश के पिता जगदीश सोनी ने बताया कि बेटे की स्मरण शक्ति में भी सुधार हुआ है और अब वह पढ़ाई व होमवर्क में रुचि लेने लगा है। इस सकारात्मक बदलाव से प्रसन्न होकर माता-पिता ने पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार कराने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान गिरीश ने अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन भी किया, जिसने उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया।

इस अवसर पर नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिन्दु प्राशन बच्चों के 16 संस्कारों में से एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्कार है, जिसका उल्लेख काश्यप संहिता एवं सुश्रुत संहिता जैसे प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथों में मिलता है। यह हजारों वर्ष पुरानी आयुर्वेदिक टीकाकरण पद्धति है, जिसे पुनर्जीवित करने का प्रयास संस्थान द्वारा किया जा रहा है, ताकि स्वस्थ और निरोगी समाज का निर्माण हो सके।

स्वर्ण बिन्दु प्राशन शिविर में श्रीमती प्रतिभा शर्मा के साथ नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, देवबली कुंभकार एवं पिंकी बरेठ सहित अन्य गणमान्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।