बाइक चोर गिरोह को पुलिस ने दबोचा,तीन अपचारी बालक पकड़े गए,तीन मोटरसाइकिलें बरामद

कोरबा।सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के समापन के बाद पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं तथा तीन अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बीएनएस के तहत बाइक चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए थे। पीड़ितों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। विभिन्न स्थानों से मिली सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन अपचारी बालकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान अपचारी बालकों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। एक प्रकरण में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने होंडा लिवो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-11 एक्यू-9955 को बलौदा,जिला जांजगीर-चांपा से चोरी कर कोरबा लाया था। इस संबंध में 1 अगस्त 2025 को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

थाना सिविल लाइन रामपुर एवं चौकी सीएसईबी की संयुक्त कार्रवाई में अपचारी बालकों के कब्जे से कुल तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें संबंधित किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।