अपराध नियंत्रण के लिए सशक्त मोबाइल एप लागू, चोरी के मामलों में होगा बड़ा सहायक : आईजी

कोरबा।बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को कोरबा प्रवास के दौरान एसपी कार्यालय सभागार में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जिले में सशक्त मोबाइल एप लागू किए जाने की जानकारी दी। आईजी ने बताया कि यह एप अपराध नियंत्रण के साथ-साथ दुपहिया एवं अन्य वाहन चोरी के मामलों में पुलिस के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

आईजी ने कहा कि विभिन्न प्रकार की घटनाओं की रोकथाम और मामलों की जांच में तेजी लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। थाना और चौकी स्तर पर बीट सिस्टम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं तथा इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।

कोरबा प्रवास के दौरान आईजी ने जिले के तीनों विभागों के एसडीओपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग से बैठक भी की। क्राइम मीटिंग में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की विस्तृत समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आईजी ने स्पष्ट किया कि चोरी एवं संपत्ति से जुड़े मामलों में घटना के दिन ही एफआईआर दर्ज की जाए और जांच के स्पष्ट एंगल तय किए जाएं। यदि किसी मामले में संगठित गिरोह की भूमिका सामने आती है तो संगठित अपराध की धाराएं भी अनिवार्य रूप से जोड़ी जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकरण में जांच में टालमटोल या अनावश्यक देरी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर, लखन पटेल, डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।