कोयला परिवहन भाड़ा अब 15 दिनों में मिलेगा, ट्रक मालिकों और कोल लिफ्टर्स में सहमति

कोरबा। जिले के सरायपाली ओपन खदान में ट्रक एवं ट्रेलर मालिक संघ तथा कोल लिफ्टरों के बीच कोयला परिवहन भाड़े को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोयला भाड़े में लगातार हो रही कमी और भुगतान में हो रही अत्यधिक देरी पर विस्तार से चर्चा की गई।

ट्रक मालिकों ने बताया कि वर्तमान में कोयला परिवहन का भाड़ा 5 से 6 माह की देरी से प्राप्त हो रहा है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबित भुगतान के कारण वाहन संचालन, रखरखाव और चालकों को भुगतान में कठिनाई हो रही है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगे से कोयला परिवहन का भाड़ा अधिकतम 15 दिनों के भीतर ट्रक मालिकों को भुगतान किया जाएगा। इस प्रस्ताव पर सभी कोल लिफ्टरों एवं ट्रक मालिकों ने सहमति जताई।

संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।

बैठक में संघ अध्यक्ष रितेश कुमार जायसवाल, उपाध्यक्ष फरियाद अंसारी, सचिव अनिल जायसवाल सहित मनजीत सिंह गंभीर, राजेश डोंगरे, सूरज कश्यप, सुभाष कस्तूरा, मोबीन खान, लक्ष्मण मखीजा, ऊदल सागर एवं रोहित प्रजापति समेत बड़ी संख्या में संघ के सदस्य उपस्थित रहे।