पत्नी ने लकवाग्रस्त पति को जहर पिलाकर उतारा मौत के घाट, मासूम बच्चों ने खोल दिया राज!

कोरबा।दर्री थाना क्षेत्र के लाटा अगारखार इलाके में पत्नी द्वारा अपने लकवाग्रस्त पति को जहर देकर मार डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना बच्चों के सामने हुई, जिनकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण सिंह (38 वर्ष) आशा नगर लाटा में अपने परिवार के साथ रहता था।

लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व उसे लकवा मार गया था, जिसके बाद वह पूरी तरह अपनी पत्नी बंटी देवी (35 वर्ष) पर निर्भर था।

27 जनवरी की शाम पत्नी ने पानी में कीटनाशक मिलाकर पति को पिला दिया। इस दौरान बेटी ने मां को पानी में कीटनाशक मिलाते हुए देख लिया और अपने बड़े भाई (13 वर्ष) को इसकी जानकारी दी।

बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की शीशी को पूरी तरह खाली पाया। जब अरुण की तबीयत बिगड़ने लगी तो पत्नी ने उसे अस्पताल ले जाने में टालमटोल की। पूरी रात उसकी हालत गंभीर बनी रही। 28 जनवरी की तड़के उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 30 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

बच्चों से मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने जब आरोपी पत्नी से पूछताछ की तो उसने कीटनाशक पिलाकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है, वहीं पुलिस अफेयर की आशंका की भी जांच कर रही है।