एमए (गायन) में पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर 7 स्वर्ण पदकों से सम्मानित
कोरबा।इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ का 17वां दीक्षांत समारोह 28 जनवरी 2026 को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा एवं विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए।
इस अवसर पर कोरबा जिले के ग्राम छुरीकला निवासी और केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी कोरबा में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत श्री अशोक देवांगन के सुपुत्र मास्टर आकर्षण देवांगन को एम.ए. (गायन) सत्र 2021-22 में पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक अर्जित करने पर 7 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। यह क्षण न केवल परिवार बल्कि पूरे कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय रहा।
आकर्षण देवांगन को जिन स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया, उनमें मेघराज जैन स्वर्ण पदक, श्रीमती सुनंदा चक्रवर्ती स्वर्ण पदक, श्री पद्माकर यशवंत राव बक्शी स्वर्ण पदक, स्व. श्रीमती तुलसा देवी हीरालाल जायसवाल स्मृति स्वर्ण पदक, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन स्वर्ण पदक, श्रीमती शैल बाला सुरेंद्रनाथ मिश्र स्मृति स्वर्ण पदक तथा स्वर्गीय डॉ. अमरेश चंद्र चौबे स्मृति स्वर्ण पदक शामिल हैं।
समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा, प्रोफेसर डॉ. नमन दत्त, डॉ. लीकेश्वर वर्मा, डॉ. दिवाकर कश्यप, डॉ. जगदेव नेताम सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
स्नातक में भी स्वर्ण, अनूप जलोटा से मिली “सुरश्री” की उपाधि
उल्लेखनीय है कि आकर्षण देवांगन ने मात्र 3 वर्ष की आयु से अपने पिताअशोक देवांगन से गायन की प्रारंभिक शिक्षा लेना प्रारंभ किया। उन्होंने सयाजी राव विश्वविद्यालय, बड़ोदरा (गुजरात) से स्नातक की डिग्री प्राप्त करते हुए भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
वर्ष 2019 में भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर, प्रख्यात भजन सम्राट अनूप जलोटा के हाथों “सुरश्री” की उपाधि से भी सम्मानित हो चुके हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















