हाथियों का उत्पात जारी, संख्या बढ़कर 27 हुई, अकेले दंतैल बने खतरे का कारण

कोरबा। कोरबा जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। वन मंडल कोरबा क्षेत्र में हाथियों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत छाल रेंज से एक और दंतैल हाथी भटकते हुए कुमुरा रेंज के ग्राम चचिया पहुंच गया। झुंड से अलग हुए इस दंतैल ने ग्राम चचिया में एक किसान की बाड़ी में घुसकर सब्जी फसल को पूरी तरह चौपट कर दिया और बोर पाइप को भी तोड़ दिया।

पसरखेत रेंज में 14 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जबकि करतला रेंज में मौजूद हाथी फिलहाल शांत बताए जा रहे हैं। वहीं चिकनीपाली क्षेत्र में 11 हाथी लंबे समय से एक ही स्थान पर डटे हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। इसी तरह केराकछार क्षेत्र में भी एक दंतैल हाथी घूम रहा है, जो छाल रेंज से पहुंचा है।

वन विभाग के अनुसार सबसे अधिक खतरा झुंड से अलग होकर घूम रहे अकेले हाथियों से है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने अलग-अलग टीमों का गठन कर निगरानी बढ़ा दी है।

एसडीओ एस.के. सोनी ने बताया कि ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है और उन्हें जंगल की ओर न जाने तथा रात के समय बाड़ी में न रुकने की हिदायत दी गई है। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।