कोरबा। लोकतंत्र की मजबूती और मतदान के महत्व को बढ़ावा देने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व के सीनियर क्लब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के सीईओ दिनेश कुमार नाग ने शिरकत की। अन्य प्रमुख अतिथियों में अपर कलेक्टर ओंकार यादव, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे, मुख्य अभियंता (उत्पादन) संजीव कंसल और सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह शामिल रहे।
संयंत्र के मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए एसआईआर के तहत मतदाता जागरूकता अभियान की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने संयंत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान हर नागरिक की जिम्मेदारी है और यह लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाता है।
सतीश प्रकाश सिंह ने एसआईआर के अंतर्गत मतदाता जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान सीईओ दिनेश कुमार नाग ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई, जिसमें मतदान में सक्रिय भागीदारी और सूची में नाम सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
आभार प्रदर्शन अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील सरना ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कल्याण अधिकारी सह मुख्य रसायनज्ञ गोवर्धन सिदार का भी विशेष योगदान रहा।
यह कार्यक्रम एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिससे संयंत्र परिसर में कार्यरत सभी वर्गों के बीच मताधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















