कोरबा। कोरबा जिले के बालको रिंग रोड से रुमगरा मार्ग पर इन दिनों राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहनों की लंबी कतारों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़क के एक ओर हाईवा और ट्रकों की कतारें कई सौ मीटर तक लग जाने से आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार लग रहे जाम से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों के अनुसार, यह स्थिति धर्मकांटा व्यवस्था में आई अव्यवस्था का नतीजा है।
पहले इस मार्ग पर दो धर्मकांटे संचालित थे, जिससे राखड़ वाहनों का वजन मापन सुचारू रूप से होता था और जाम की समस्या नहीं के बराबर रहती थी। लेकिन हाल ही में निजी कंपनी के पास स्थित एक धर्मकांटा बंद हो जाने से अब सभी वाहन एक ही धर्मकांटे पर निर्भर हो गए हैं।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से मार्ग संकरा हो गया है, जिसके चलते साइकिल सवार, दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर जोखिम भरी स्थिति में सफर करने को मजबूर हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद किए गए धर्मकांटे को जल्द पुनः शुरू कराया जाए या कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि बालको रिंग रोड–रुमगरा मार्ग पर यातायात सामान्य हो सके और हादसों की आशंका कम की जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















