कुसमुंडा साइलो साइडिंग में बनेगा एफओबी, ओएचई लाइन कार्य को मिली मंजूरी

कोरबा । दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर द्वारा कुसमुंडा साइलो साइडिंग यार्ड में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण के साथ-साथ ओएचई लाइन बिछाने एवं पूर्व में बिछाई गई ओएचई लाइन में संशोधन का कार्य कराया जाएगा। साइलो साइडिंग में एफओबी नहीं होने के कारण कर्मियों को रेल लाइन पार करने में जोखिम बना रहता था, जिससे रेलवे एवं एसईसीएल के कर्मचारियों को असुविधा होती थी। एफओबी के निर्माण से यह समस्या दूर होगी।

रेलवे ने एफओबी निर्माण से जुड़े ओएचई प्रावधान एवं संशोधन कार्यों के लिए 1 करोड़ 6 लाख 43 हजार 943 रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कार्य के लिए अनुभवी निर्माण एजेंसी की तलाश की जा रही है, जिसमें एजेंसियों को 2 फरवरी तक शामिल होने का अवसर दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद पात्र एजेंसी को कार्यादेश सौंप दिया जाएगा।

इधर,अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कोरबा सहित बेलपहाड़, चांपा, रायगढ़, बाराद्वार, नैला, अकलतरा एवं अन्य स्टेशनों में लंबे समय से अवरुद्ध विकास कार्यों को गति देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

एसईसीआर बिलासपुर के सहायक मंडल विद्युत अभियंता द्वारा इन स्टेशनों में कराए जाने वाले विद्युत कार्यों की सूची तैयार की गई है।

इन कार्यों में पंप, प्लेटफार्म प्रकाश, स्ट्रीट लाइटिंग, लिफ्ट, एस्केलेटर, सब-स्टेशन सहित विद्युत परिसंपत्तियों की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए आईओटी आधारित डिवाइस, इंटेलिजेंट फील्ड डिवाइसेस एवं टेलीमेट्री सिस्टम की आपूर्ति एवं स्थापना शामिल है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्टेशन विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।