कोयला खदान में काम के दौरान श्रमिक की मौत, हार्ट अटैक से गई जान

कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना के अंतर्गत साइलो में कार्यरत एक ठेका श्रमिक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान घासीदास के रूप में हुई है, जो नरईबोध गांव का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान अचानक घासीदास की तबीयत बिगड़ गई और वह कार्यस्थल पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद सहकर्मियों को कुछ देर बाद इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि ठेका कंपनी द्वारा पर्याप्त मुआवजा राशि देने और परिवार के एक आश्रित को रोजगार उपलब्ध कराने पर सहमति जताई गई है। परिजनों का कहना है कि मुआवजे की प्रक्रिया के लिए वे कंपनी कार्यालय नहीं जाएंगे, बल्कि कंपनी के प्रतिनिधियों को स्वयं उनके पास आकर औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

बताया गया कि एसईसीएल में नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ ठेका कामगारों की आपात स्थिति में मृत्यु होने पर दी जाने वाली अनुग्रह राशि में हाल ही में बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा श्रमिकों के हित में कई नए प्रावधान भी लागू किए गए हैं।