कोरबा।कोरबा जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से की जा रही धान खरीदी व्यवस्था ने किसानों के बीच विश्वास का मजबूत वातावरण तैयार किया है। शासन द्वारा निर्धारित सर्वाधिक समर्थन मूल्य से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे कृषि कार्य को आर्थिक संबल मिला है और अन्नदाताओं का उत्साह भी बढ़ा है।
सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के चलते जिले के खरीदी केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिल रही है।
ग्राम दोंदरो निवासी कृषक बाबू सिंह कंवर के लिए इस वर्ष धान विक्रय का पहला अनुभव खासा संतोषजनक रहा।
लगभग 16 एकड़ भूमि पर खेती करने वाले श्री कंवर ने पहली बार उपार्जन केंद्र सोनपुरी में 65 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और सुचारू रही तथा तौल से लेकर भुगतान तक किसी भी स्तर पर उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई।
किसान बाबू सिंह कंवर ने कहा कि उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों द्वारा उन्हें पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उनका अनुभव और भी बेहतर रहा।
उन्होंने बताया कि सर्वाधिक समर्थन मूल्य मिलने से किसानों को उनकी मेहनत का सही प्रतिफल मिल रहा है और भविष्य को लेकर उनमें विश्वास बढ़ा है।
अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी नीतियों, पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था और सुगम प्रक्रिया ने छत्तीसगढ़ के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नया विश्वास पैदा किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















