कॉलेज छात्रों ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली एस आई आर- 2026 व राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तहत युवाओं को किया मतदान के लिए प्रेरित

कोरबा। स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय नवीन महाविद्यालय पाली में एसआईआर-2026 एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करना रहा।

रैली का आयोजन महाविद्यालय के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब एवं एन.सी.सी. इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. पुष्पराज लाजरस एवं स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती रीता पटेल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. लाजरस ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना तथा अपने मताधिकार का प्रयोग करना अत्यंत आवश्यक है।

रैली का नेतृत्व एन.सी.सी. प्रभारी कुमारी वर्षा लकड़ा ने किया। कार्यक्रम के दौरान कैंपस एम्बेसडर ईशा एवं सोम सोनी ने सक्रिय भूमिका निभाई और छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाकर लोकतांत्रिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।