कोरबा। बालकोनगर थाना क्षेत्र में चलती कार में स्टंट करते छात्र-छात्राओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुछ छात्र-छात्राएं चलती स्कॉर्पियो वाहन से बाहर निकलकर स्टंट करते, मोबाइल से सेल्फी लेते और रील बनाते नजर आए। यह घटना सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के दौरान सामने आई, जिसे पुलिस ने नियमों की खुली अवहेलना माना है।
बताया जा रहा है कि बालको क्षेत्र से जुड़े छात्र-छात्राओं ने फेयरवेल पार्टी से पहले सड़क पर यह खतरनाक करतब किया। इसके बाद वे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल महाराजा पहुंचे, जहां केक काटने और डांस करते हुए उनके वीडियो भी सामने आए हैं। कुछ घंटे बाद छात्रों ने अपने स्टंट के वीडियो और तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक छात्र तीन स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर पार्टी में पहुंचे थे। इस दौरान कुछ छात्र चलती गाड़ी की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखे, जबकि एक युवक वाहन चलते समय मोबाइल से सेल्फी लेता नजर आया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वीडियो में दिख रही नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















