कोरबा। लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सांसद श्रीमती महंत ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने के प्रयास तेज करने को कहा। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, स्टाफ, दवाइयों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पोस्टमार्टम केंद्र, मर्चुरी और एंबुलेंस की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने, किचन शेड और स्टोर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन का नियमित भुगतान हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर हर घर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सांसद ने पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने समय पर मजदूरी भुगतान, महिला स्व-सहायता समूहों के कौशल उन्नयन, पीडीएस दुकानों से समय पर राशन वितरण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मत्स्य संपदा योजना, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने विकास कार्यों में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से कार्य करने पर बल दिया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्देशों के पालन का आश्वासन देते हुए बताया कि डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी भवनों की स्वीकृति, मेधावी छात्रों के लिए नीट-जेईई कोचिंग, खेल सुविधाओं का विस्तार, टीबी, बीपी और शुगर मरीजों के लिए स्वास्थ्य शिविर, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा इंडोर स्टेडियम में स्पोर्ट्स एकेडमी की योजनाएं प्रगति पर हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी, जिला पंचायत सीईओ, जनपद अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















