उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने दर्री क्षेत्र के 5 शासकीय स्कूलों को नए भवनों की सौगात दी, 2.30 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

कोरबा।कोरबा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर सक्रिय छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन ने मंगलवार को दर्री क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात दी। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत आयोजित दो भूमिपूजन कार्यक्रमों में मंत्री श्री देवांगन ने सात वार्डों में लगभग 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी।

इन विकास कार्यों में 5 शासकीय स्कूलों के नवीन भवन निर्माण, सी.सी. रोड, नाली एवं ओ.पी.व्ही.सी. पाइपलाइन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा, जल निकासी की समस्या से राहत, स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं तक सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार में जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि का प्रभावी और पारदर्शी उपयोग किया जा रहा है। डीएमएफ की पहली बैठक में ही जिले के सभी जर्जर शासकीय स्कूलों एवं आंगनबाड़ी भवनों के नवीन निर्माण को स्वीकृति दिलाई गई थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, पुल-पुलिया, नाली, पेयजल, विद्युत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण वार्ड और नगर निर्माण के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में उपस्थित महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर के कई शासकीय स्कूल अत्यंत जर्जर अवस्था में थे।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों से नवीन भवनों के निर्माण हेतु राशि स्वीकृत हुई, जिसके परिणामस्वरूप एक साथ कई स्कूलों का निर्माण प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि यह विकास कार्यों का स्वर्णिम काल है, जहां केंद्र में मोदी सरकार, राज्य में विष्णुदेव साय सरकार और कोरबा में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी के नेतृत्व में विकास को नई दिशा मिल रही है।

दर्री जोन अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के नवीन भवन निर्माण, विभिन्न वार्डों में सी.सी. रोड, आर.सी. नाली एवं ओ.पी.व्ही.सी. पाइपलाइन बिछाने सहित कुल 2.30 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, राधे यादव, विन्रम तिवारी, किशन कैवर्त, अयोध्या कंवर, सरोज शांडिल्य, जनक सिंह, बुधवार साय यादव, तीरथ साहू, प्रीति दिनेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, मनीष मिश्रा, नारायण ठाकुर, मनोज यादव, किशोर साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी, भाजपा कार्यकर्ता एवं निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।