इलेक्ट्रिक वाहनों से हरित भविष्य की ओर कोरबा, ई-व्ही योजना से पंजीकरण में 20% की वृद्धि

कोरबा।छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी छत्तीसगढ़ राज्य इलेक्ट्रिक वाहन योजना कोरबा जिले में स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। जिले में लगभग 4 लाख पेट्रोल और डीजल वाहनों के कारण बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू इस योजना के तहत नागरिक तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक वाहन क्रय करने पर वाहन मूल्य का 10 प्रतिशत अथवा अधिकतम 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी सीधे वाहन स्वामी के बैंक खाते में प्रदान की जा रही है। जिला परिवहन कार्यालय कोरबा द्वारा डीलर प्वाइंट पर वाहन पंजीयन के दौरान बैंक विवरण लेकर ई-व्ही पोर्टल में प्रविष्टि एवं दस्तावेजों के सत्यापन के पश्चात पारदर्शी तरीके से सब्सिडी राशि का अंतरण किया जाता है।

1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच जिले के 1774 वाहन स्वामियों को कुल 3 करोड़ 27 लाख 3 हजार 865 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है। बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 2.50 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी स्वीकृत किया है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता पंजीकरण आंकड़ों से स्पष्ट है। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में जहां 1244 वाहन पंजीकृत हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 1488 हो गई।

वाहन श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार मोटरसाइकिल, मोटरकार, ई-रिक्शा और तीन पहिया वाहनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, विशेषकर तीन पहिया यात्री वाहनों का पंजीकरण 206 से बढ़कर 392 हो गया है। यह परिवर्तन दर्शाता है कि आमजन के साथ-साथ व्यावसायिक उपयोग में भी इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाया जा रहा है।

योजना को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग अधिक सुविधाजनक होगा, पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटेगी और वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी।

इलेक्ट्रिक वाहन योजना ने कोरबा को स्वच्छ, हरित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर अग्रसर किया है और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया है।