महिला से छेड़छाड़ के आरोप में  SI निलंबित, सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरक्षक पर कार्रवाई

कोरबा जिले में कानून व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त कदम उठाए हैं।

कटघोरा थाना क्षेत्र से सामने आए एक चौंकाने वाले मामले में थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर एस.के. कोसरिया पर एक महिला ने छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित महिला ने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम का विस्तृत विवरण दिया। शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल प्रभाव से सब-इंस्पेक्टर एस.के. कोसरिया को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

वहीं, बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। इस गंभीर प्रकरण में ड्यूटी के दौरान आवश्यक कार्रवाई न करने के आरोप में दो आरक्षकों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की गई है।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों से जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि अनुशासनहीनता और लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।