मड़वारानी पहाड़ पर चलते ऑटो में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी पहाड़ पर मंगलवार दोपहर एक चलते ऑटो में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ऑटो में सवार यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल के पहुंचने से पहले ही ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, बरपाली निवासी राकेश कुमार बरेठ अपने परिवार के साथ मां मड़वारानी के दर्शन के लिए ऑटो से पहाड़ की ओर जा रहे थे। पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान ऑटो आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इसी दौरान अधिक दबाव के कारण डीजल पाइप फट गया और गर्मी के चलते ऑटो में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

घटना पहाड़ पर होने के कारण आग बुझाने की कोई त्वरित व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था। आगजनी के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि मड़वारानी पहाड़ तक सड़क मार्ग से लगभग 5 किलोमीटर तथा सीढ़ियों के माध्यम से करीब 1 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है।