शरदोत्सव में 25 अक्टूबर को होगी श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता

23 से 25 अक्टूबर तक परशुराम भवन में होंगे आयोजन,बच्चों और महिलाओं के लिए भी रखी गईं सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं

कोरबा।मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति कोरबा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 23 से 25 अक्टूबर तक परशुराम भवन में शरदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और श्रीरामचरितमानस में निहित जीवन-मूल्यों को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में शरदोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया।

अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता 25 अक्टूबर, रविवार को रात 8 बजे से शुरू होगी। इसमें सभी आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।

चार आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता
श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में बांटा गया है। इनमें 10 वर्ष तक, 11 से 20 वर्ष, 21 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक आयु वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रतिस्पर्धा होगी। प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

प्रतिभागियों को श्रीरामचरितमानस की अपनी पसंद की चौपाई का सस्वर वाचन करना होगा। साथ ही चौपाई का अर्थ, भावार्थ और उससे मिलने वाली जीवनोपयोगी शिक्षा को लिखित एवं मौखिक रूप में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में चौपाई के शुद्ध उच्चारण, भावपूर्ण वाचन, अर्थ एवं भावार्थ की स्पष्टता और जीवनोपयोगी संदेश की व्याख्या के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक पंजीयन
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों को 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक अपना नाम और चयनित चौपाई का पंजीयन कराना होगा। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए कार्यक्रम संयोजक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा से मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

बच्चों और महिलाओं के लिए भी होंगी प्रतियोगिताएं
शरदोत्सव के पहले दिन 23 अक्टूबर, शुक्रवार को बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, बूझो तो जानें और चम्मच दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों में उत्साह, रचनात्मकता और सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

वहीं, 24 अक्टूबर,शनिवार को महिलाओं के लिए अन्नकूट की थाली,श्रीनाथ की रंगोली और आंगन मंडना प्रतियोगिताएं होंगी। इन आयोजनों के माध्यम से पारंपरिक कला, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा।

समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील
मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा एवं महिला मंडल की अध्यक्ष रेणु पुजारी ने समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से शरदोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यकारिणी की बैठक में समिति के सचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा, बृजमोहन शर्मा, संजय शर्मा, बिमल जोशी, ललित शर्मा, शिव शर्मा, विजय जोशी, महेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, विजय शर्मा, रवि शर्मा और डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।