कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आह्वान किया कि वे केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपनी दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं घरों में सोलर पैनल लगवाकर योजना का लाभ उठाएं और बिजली बिल के भार से मुक्ति पाएं।
आयुक्त पाण्डेय ने नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, चेम्बर अध्यक्ष योगेश जैन, महामंत्री नरेन्द्र अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.पी. तिवारी, उपाध्यक्ष दिनेश राठौर, मुकेश गोयल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आयुक्त ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित करने पर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है। 1 किलोवाट क्षमता पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 1 लाख 08 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि स्थापित सोलर पैनल विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड से जुड़े रहेंगे, जिसमें उत्पन्न बिजली यूनिट एवं घरों में खपत यूनिट का नियमित आकलन किया जाएगा। खपत के बाद बची अतिरिक्त बिजली की कीमत भी उपभोक्ताओं को मिलेगी।
बैठक में शहर के विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने बताया कि सुनालिया पुल के पास मल्टीलेवल पार्किंग का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही पार्किंग की सुविधा शुरू की जाएगी।
साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















