कोरबा। एसईसीएल कॉलोनी सुभाष ब्लॉक स्थित अय्यप्पा मंदिर का तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव आचार्य वरण, देवी पूजा एवं महागणपति हवन के साथ विधिवत रूप से संपन्न हुआ। प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत सभी धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन ब्रह्मश्री उन्नीकृष्णन नम्बूदरी के निर्देशन में आचार्यों द्वारा किया गया।
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सी. राजेश कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन अष्टद्रव्य महागणपति हवन सहित अन्य विधि-विधान पूर्ण किए गए।
इससे पूर्व प्रातः 6 बजे निर्माल्य दर्शन एवं प्रभात फेरी निकाली गई। सोमवार को प्रतिष्ठा महोत्सव के विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में मृत्युंजय हवन एवं कलशाभिषेक किया गया, जिसके पश्चात भागवत परायण संपन्न हुआ।
पूरे अनुष्ठान के दौरान मांगलिक वैदिक मंत्रों का पाठ किया गया, जिससे वातावरण शुद्ध और भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर भगवान शनिश्वर अय्यप्पा से सर्व कल्याण की कामना की गई। दोपहर 1 बजे से मंदिर परिसर में अन्नदानम (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें मलयाली समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम को संध्या आरती के पश्चात शोभायात्रा निकाली गई, वहीं मंदिर सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर महोत्सव का समापन किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















