रविशंकरनगर जोन के वार्डों को 3.20 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, उद्योग मंत्री व महापौर ने किया भूमिपूजन

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के रविशंकरनगर जोन अंतर्गत विभिन्न वार्डों को आज 3 करोड़ 20 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान इन विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 34 में दादर रोड कलवर्ट से मानिकपुर मुक्तिधाम तक 1 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से कलवर्ट एवं नाला निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही पं. रविशंकर शुक्ल जोन अंतर्गत 6 शासकीय स्कूलों में 36 लाख रुपये की लागत से किचन शेड तथा 12 शासकीय स्कूलों में 60 लाख रुपये की लागत से बालक-बालिका शौचालय निर्माण कराया जाएगा।

इसी तरह वार्ड क्रमांक 33 मानिकपुर डिपरापारा में 25 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 26 में विनय सिंह के घर से जैतखांभ के सामने तक और दादर मेन रोड से कुम्हार घर के पास कलवर्ट तक कृष्णानगर की आंतरिक गलियों का 15 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में समग्र विकास के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हो रहा है।

विद्यालयों में शौचालय, किचन शेड, अतिरिक्त कक्ष, जीर्ण-शीर्ण भवनों का नवीनीकरण और नए भवनों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से कोरबा के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि कोरबा की जनता ने विधायक और महापौर के रूप में जो भरोसा जताया है, वह कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

भूमिपूजन कार्यक्रमों में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य धनकुमारी गर्ग, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।