बालकों प्लांट में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, 200 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के तहत 19 जनवरी को बालकों प्लांट परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार के महत्व से अवगत कराया गया।

आयोजकों ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बालकों प्लांट में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों से लगभग 200 लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों ने हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई गई।