दो दिवंगत आरक्षकों के परिवारों को पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 10-10 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सहयोग से चलाई जा रही पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत कोरबा जिला पुलिस ने एक सराहनीय कदम उठाया है।

इस योजना के अंतर्गत दो दिवंगत पुलिस कर्मियों आरक्षक  कृष्ण कुमार खड़िया(मृत्यु: 28 सितंबर 2025)और आरक्षक सुरेन्द्र लहरे (मृत्यु: 7 सितंबर 2025) के परिजनों को 10 लाख-10 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई है।

यह राशि पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में एक गरिमामयी समारोह में वितरित की गई। समारोह में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक मृत्युंजय वर्मा एवं रामेश्वर कुमार (मुख्य प्रबंधक, आईटीआई शाखा कोरबा) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

यह योजना पुलिस कर्मियों को सड़क दुर्घटना बीमा, आकस्मिक मृत्यु बीमा जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान करती है, ताकि उनके परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। कोरबा जिला पुलिस ने इस योजना के माध्यम से अपने कर्मियों और उनके परिजनों के प्रति प्रतिबद्धता जताई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इस अवसर पर कहा,
“पुलिस कर्मी समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाते हैं। पुलिस सैलरी पैकेज योजना उनके परिवारों को आर्थिक सहारा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हम भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से अपने सभी पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

यह घटना पुलिस विभाग और SBI के बीच मजबूत समन्वय को दर्शाती है, जो छत्तीसगढ़ में पुलिस परिवारों की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रही है।