अनियंत्रित ट्रेलर ने तोड़ी सुरक्षा रेलिंग, बड़ा सड़क हादसा टला

कोरबा। कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पहंदा के पास रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चांपा से कोरबा की ओर आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर (क्रमांक CG 10 BX 5376) चालक की लापरवाही के चलते अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा में चली गई।

अनियंत्रित ट्रेलर ने पहले सड़क के बीचों-बीच लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ा, इसके बाद किनारे बनी कंक्रीट की सुरक्षा रेलिंग को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर रिहायशी इलाका होने के कारण यदि ट्रेलर आगे बढ़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से वाहन सड़क पर ही रुक गया, जिससे जनहानि टल गई।

हादसा रात के समय होने के कारण तत्काल किसी को जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क पर खड़ा देखा, लेकिन तब तक चालक मौके से फरार हो चुका था। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की तेज रफ्तार और चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।