कोरबा। कोरबा की बेटी ईशानी कौर ने शैक्षणिक एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, रायपुर की कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ईशानी कौर सहित चार छात्राओं को एक नवीन तकनीकी समाधान के लिए भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय से पेटेंट प्राप्त हुआ है।
यह पेटेंट इन्फ्रारेड लेजर आधारित फेशियल रिकग्निशन अटेंडेंस सिस्टम एंड मेथड पर स्वीकृत किया गया है, जिसकी वैधता पेटेंट अधिनियम 1970 के अंतर्गत लगभग 20 वर्षों तक रहेगी।
शहीद भगत सिंह कॉलोनी, एसईसीएल कोरबा निवासी ईशानी कौर ने अपने सहपाठी एलिन मसीह, लता टेकाम एवं अंशिका कुमारी के साथ मिलकर इस नवाचार को विकसित किया। छात्राओं ने 17 जून 2025 को पेटेंट के लिए आवेदन किया था, जिसे 5 जनवरी को स्वीकृति प्रदान की गई। यह प्रणाली शैक्षणिक संस्थानों में उपस्थिति दर्ज करने से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं का आधुनिक, स्वचालित और संपर्क-रहित समाधान प्रस्तुत करती है।
ईशानी ने बताया कि यह शोध कार्य संस्थान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी.एस. क्षत्री के मार्गदर्शन में पूर्ण हुआ। उनके नेतृत्व में आइडिया से लेकर पेटेंट ग्रांट तक की संपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। उन्होंने कहा कि संस्थान में पेटेंट कल्चर और इनोवेशन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाता है। प्रबंधन द्वारा प्रथम वर्ष से ही आईपीआर (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स) से संबंधित सत्र और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों में पेटेंट फाइल करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।
ऐसे आया नवाचार का विचार
छात्राओं ने बताया कि फिजिक्स की कक्षा में लेजर और फाइबर ऑप्टिक्स के अध्ययन के दौरान इस प्रणाली का विचार आया। सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक समस्या से जोड़ते हुए उन्होंने उपस्थिति प्रणाली को अधिक सटीक और आधुनिक बनाने पर कार्य शुरू किया। इसके बाद पेटेंट ड्राफ्टिंग, एफईआर (फर्स्ट एग्जामिनेशन रिपोर्ट), संशोधन और अन्य औपचारिकताओं की पूरी प्रक्रिया को समझते हुए पेटेंट हासिल किया।
प्रेस परिवार की बेटी
ईशानी कौर कोरबा प्रेस क्लब के सदस्य पत्रकार डॉली सिंह की पुत्री हैं। उनकी माता पिंकी कौर हैं। इस उपलब्धि पर प्रेस परिवार सहित परिजनों में हर्ष का माहौल है और सभी ने ईशानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस तरह करती है प्रणाली काम
यह पेटेंट आधारित प्रणाली इन्फ्रारेड लेजर डॉट प्रोजेक्शन, इन्फ्रारेड कैमरा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक पर कार्य करती है। यह कम रोशनी में भी बिना किसी स्पर्श के सटीक रूप से उपस्थिति दर्ज करने में सक्षम है, जिससे शिक्षकों का समय बचता है और प्रशासनिक कार्य अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनता है।
संस्थान प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है तथा नवाचार और शोध आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की संस्थान की सोच को दर्शाती है।
भविष्य में विद्यार्थियों को और अधिक शोध व पेटेंट कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा प्राप्त यह पेटेंट इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण मिलने पर विद्यार्थी प्रारंभिक स्तर पर भी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
