न्यू कोरबा हॉस्पिटल में 30 दिवसीय मेगा न्यूरो कैंप शुरू, 100 से अधिक मरीजों को मिला नि:शुल्क परामर्श

कोरबा। कोसाबाड़ी स्थित न्यू कोरबा अस्पताल ने न्यूरो संबंधी मरीजों के लिए एक बड़ी पहल करते हुए 30 दिवसीय मेगा न्यूरो कैंप की शुरुआत की है। यह कैंप 31 जनवरी तक पूरे माह चलेगा, जिसके अंतर्गत मरीजों को नि:शुल्क न्यूरो परामर्श तथा आवश्यक जांचों में अधिकतम छूट दी जा रही है।

मेगा कैंप में प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. शिवानी प्रगदा एवं न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनीष गोयल द्वारा प्रतिदिन नि:शुल्क ओपीडी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। परामर्श का समय सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक तथा शाम 6 से 8 बजे तक निर्धारित है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, न्यूरो केयर विभाग के विस्तार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन, न्यूरो फिजियोथैरेपिस्ट के साथ- साथ न्यूरो साइकाइट्री की सुविधा भी शुरू कर दी गई है।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अब न्यूरो से जुड़ी सभी जांच, परामर्श, फिजियोथेरेपी और सर्जरी की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं, जिससे कोरबा जिले के मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान समय में न्यूरो बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण मरीज समय पर डॉक्टर तक नहीं पहुंच पाते। अधिकतर मरीज तब अस्पताल आते हैं जब बीमारी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी होती है। ऐसे में इस तरह के मेगा कैंप समय पर जांच और उपचार के माध्यम से बीमारी को बढ़ने से रोकने में अहम भूमिका निभाते हैं।

विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि ठंड के मौसम में बुजुर्गों में ब्रेन हेमरेज और लकवा (पैरालिसिस) का खतरा बढ़ जाता है, जिसके प्रमुख कारण हाई ब्लड प्रेशर, बढ़ती उम्र और नशे की आदतें हैं। उन्होंने प्राथमिक देखभाल की जानकारी देते हुए कहा कि बेहोश मरीज को खाना या पानी नहीं देना चाहिए और अस्पताल ले जाते समय मरीज को करवट देकर रखना चाहिए।

मिर्गी (एपिलेप्सी) को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों पर चिंता जताते हुए डॉक्टरों ने कहा कि यह कोई अभिशाप नहीं, बल्कि एक सामान्य न्यूरोलॉजिकल बीमारी है।

झाड़-फूंक और अंधविश्वास के कारण मरीजों को प्रताड़ित करना गलत है और इससे बीमारी और गंभीर हो सकती है।

न्यू कोरबा अस्पताल का यह 30 दिवसीय मेगा न्यूरो कैंप न केवल इलाज बल्कि जनजागरूकता की दिशा में भी एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। पिछले 15 दिनों में 100 से अधिक मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराकर नि:शुल्क ओपीडी परामर्श का लाभ लिया है।