कुसमुंडा खदान क्षेत्र में दो हादसे: हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से मजदूर की मौत, ट्रेलर टक्कर में तीन घायल

कोरबा।कोरबा जिले में शुक्रवार सुबह कुसमुंडा खदान क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इन घटनाओं में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

पहली घटना कुसमुंडा खदान की नीलकंठ कंपनी वर्कशॉप में हुई। ड्रिल मशीन की मरम्मत के दौरान हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से 23 वर्षीय मजदूर संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मशीन पर काम करते समय अचानक अत्यधिक हाइड्रोलिक प्रेशर के कारण सिलेंडर विस्फोट हुआ। हादसे के समय छह मजदूर कार्यरत थे, जिनमें से दो अन्य भी घायल हुए हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मृतक संजय कुमार चार बहनों का इकलौता भाई था और अपने वृद्ध माता-पिता का एकमात्र सहारा था। परिजनों का आरोप है कि संजय को अवकाश के दिन काम पर बुलाया गया था, जो कंपनी की लापरवाही को दर्शाता है।

दूसरी घटना एसईसीएल कुसमुंडा खदान क्षेत्र के 14 नंबर काटा के पास हुई, जहां कोयला परिवहन में लगे दो ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक चालक केबिन में फंस गया, जिसे करीब दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कटर की मदद से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों घटनाओं के बाद मजदूरों और परिजनों में आक्रोश है।

उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय व मुआवजे की मांग की है।